Jabalpur News: बाबा टोला हत्याकांड मामले में मृतक सूरज के दोस्त राजा को पुलिस ने हिरासत में लिया, घायल आरोपी का इलाज जारी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
हनुमानताल थाना क्षेत्र के बाबा टोला में रविवार दोपहर दिनदहाड़े हुए सूरज चौधरी हत्याकांड में पुलिस ने मृतक के दोस्त राजा को हिरासत में लिया है। हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाष चंद्र बघेल के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाबा टोला निवासी सूरज चौधरी टेंट हाउस में काम करता था। रविवार दोपहर वह अपने दोस्त राजा के साथ घटनास्थल के पास बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान भूरा चौधरी वहां पहुंचा और दोनों से शराब मांगने लगा। शराब देने को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में विवाद और मारपीट में बदल गया।

पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान भूरा चौधरी ने चाकू निकालकर सूरज पर हमला कर दिया। चाकू लगने से सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद भूरा वहां से भागने लगा। इसी दौरान राजा ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की, जिससे भूरा भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद सूरज को मृत घोषित कर दिया, जबकि भूरा चौधरी का अस्पताल में उपचार जारी है।

घायल हालत में सड़क किनारे मिला था सूरज


पुलिस के अनुसार, घटना के बाद सूरज सड़क किनारे नाली की पट्टी पर घायल अवस्था में मिला था। मामले में मृतक के बड़े भाई सनी चौधरी (26), निवासी शिव मंदिर के पास बाबाटोला, ने पुलिस को जानकारी दी थी। सनी ने पुलिस को बताया कि वह राजमिस्त्री का काम करता है और उसके माता-पिता का निधन हो चुका है। उसका छोटा भाई सूरज चौधरी टेंट का काम करता था। रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे वह घर पर था। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाला रवि चौधरी उसके पास पहुंचा और बताया कि भइयो उर्फ भूरा चौधरी ने सूरज को चाकू मार दिया है और सूरज शंकर किराना के पास सड़क किनारे नाली की पट्टी में घायल पड़ा है। जानकारी मिलने के बाद सनी अपने चाचा बबली के साथ मौके पर पहुंचा। वहां सूरज घायल अवस्था में मिला। उसके सीने में चोट लगी थी। दोनों उसे ई-रिक्शा से उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल ले जाने लगे।

रास्ते में सूरज ने बताया- भूरा ने मारा चाकू

परिजनों के अनुसार, अस्पताल ले जाते समय सूरज को कुछ समय के लिए होश आया। इस दौरान उसने कथित तौर पर भूरा चौधरी द्वारा चाकू से हमला किए जाने की बात बताई। इसके बाद उसे विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। 

राजा से पूछताछ, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे

पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए मृतक के दोस्त राजा को हिरासत में लिया है। पुलिस उससे घटना के दौरान मौजूद परिस्थितियों और विवाद को लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं घायल भूरा चौधरी के स्वस्थ होने के बाद उससे भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में शराब मांगने को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post