Jabalpur News: पुलिस को देखकर छिपने लगा युवक, तलाशी में मिली देशी पिस्टल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
रांझी थाना पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान एक युवक को देशी पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पुलिस टीम को देखकर छिपने का प्रयास कर रहा था। संदेह होने पर घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से देशी पिस्टल और एक कारतूस बरामद हुआ।

थाना प्रभारी उमेश कुमार गोल्हानी ने बताया कि 20 सितंबर 2026 की रात पुलिस टीम पेट्रोलिंग पर थी। इस दौरान ज्योति नर्सरी के पास, शांतिनगर रोड करोंदी में एक युवक पुलिस को देखकर छिपने की कोशिश करता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम विशाल ठाकुर उर्फ पैंडा (25), निवासी दुर्गा मंदिर के पास इंद्रानगर, रांझी बताया। पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो पेंट के सामने की तरफ एक देशी पिस्टल और पेंट की दाहिनी जेब में एक कारतूस रखा मिला।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में विशाल ने देशी पिस्टल करीब दो महीने पहले तरुण पटेल से 23 हजार रुपए में खरीदना बताया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पिस्टल और कारतूस जब्त कर लिया।

रांझी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। पुलिस अब हथियार कहां से आया और इसे रखने के पीछे आरोपी का उद्देश्य क्या था, इसकी भी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया विशाल ठाकुर उर्फ पैंडा आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट, अवैध वसूली, मारपीट, विस्फोटक अधिनियम और चोरी सहित अन्य धाराओं में कुल 7 अपराध दर्ज हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post