MP News: गणेशोत्सव का होर्डिंग गिरा, युवक के सिर-कंधे में आई चोट; अवैध बैनर-पोस्टर के खिलाफ दंपती 8 दिन से अनशन पर

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। पाटनीपुरा मेनरोड पर बुधवार दोपहर गणेश उत्सव के लिए लगाया गया बड़ा होर्डिंग अचानक गिर गया। इसकी चपेट में आने से श्रेय शर्मा घायल हो गया। उसके सिर और कंधे के पीछे चोट आई है। हादसे के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर होर्डिंग हटाया।

जानकारी के मुताबिक, गोल स्कूल में आयोजित होने वाले गणेश चतुर्थी कार्यक्रम के लिए पाटनीपुरा मेनरोड पर बड़ा गेट और होर्डिंग लगाया गया था। श्रेय के पिता राजेश शर्मा ने बताया कि उनका बेटा चौराहे से सामान लेकर रोड नंबर-28 स्थित घर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक होर्डिंग गिर गया और वह उसकी चपेट में आ गया।

होर्डिंग के खिलाफ दंपती का अनशन

शहर में अवैध होर्डिंग, बैनर और पोस्टर हटाने की मांग को लेकर प्रहलाद पांडेय और उनकी पत्नी संगीता पांडेय प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रहलाद पांडेय पिछले 8 दिनों से रीगल चौराहे स्थित गांधी प्रतिमा के नीचे अनशन पर बैठे हैं। वहीं, उनकी पत्नी संगीता पांडेय भी नगर निगम कार्यालय के बाहर अनशन पर बैठ गई हैं।

संगीता हाथ में बैनर लेकर प्रदर्शन कर रही हैं, जिस पर लिखा है- 'अवैध बैनर पोस्टर हटाओ, इंदौर को स्वच्छ बनाओ।'

बोले- शिकायत के बाद भी नहीं हटाए होर्डिंग

प्रहलाद पांडेय का कहना है कि पाटनीपुरा में जिस होर्डिंग के गिरने की घटना हुई, उसकी शिकायत पहले भी की गई थी। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद नगर निगम और प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की।

प्रहलाद ने यह भी कहा कि उनकी तबीयत खराब होने के बावजूद वे इलाज नहीं करा रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक शहर से अवैध होर्डिंग और बैनर हटाने की कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे अनशन जारी रखेंगे।

वहीं, संगीता पांडेय का कहना है कि उन्होंने नगर निगम में आवेदन देकर अवैध होर्डिंग हटाने की मांग की थी, लेकिन उनके मुताबिक अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि अधिकारियों से केवल आश्वासन मिल रहा है।

कार्रवाई नहीं होने तक अनशन जारी रखने की बात

संगीता पांडेय ने कहा कि उन्हें आश्वासन नहीं, बल्कि कार्रवाई चाहिए। दंपती की मांग है कि शहर में लगे अवैध स्वागत द्वार, होर्डिंग, बैनर और पोस्टर हटाए जाएं। पाटनीपुरा में होर्डिंग गिरने से युवक के घायल होने की घटना के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post