Jabalpur News: राहुल को धमकाने के लिए निकाली बंदूक, अचानक चल गई गोली

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम कटरा बेलखेड़ा में आपसी विवाद के बाद 12 बोर दुनाली बंदूक से गोली चलने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार रोहित सिंह लोधी (25), निवासी ग्राम कटरा बेलखेड़ा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि शनिवार शाम उसके भाई राहुल सिंह लोधी का गांव के अजय सिंह लोधी और जितेन्द्र लोधी के साथ ठाकुर ढाबा के पास किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

इसके बाद रोहित, उसका चचेरा भाई कृष्णपाल लोधी और चाचा वीर सिंह लोधी कृष्णपाल के घर के सामने सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान अजय सिंह लोधी और जितेन्द्र लोधी कार से वहां पहुंचे और कार में बैठे-बैठे राहुल सिंह के साथ गाली-गलौज करने लगे।

राहुल ने गाली देने से मना किया तो दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि अजय सिंह लोधी ने राहुल को डराने के लिए कार में रखी 12 बोर दुनाली बंदूक बाहर निकाली और उसे आसमान की ओर कर दिया। इसी दौरान कथित तौर पर उसके हाथ से ट्रिगर दब गया और गोली ऊपर की ओर चल गई। गोली चलने से मौके पर किसी को चोट नहीं आई। इसके बाद अजय और जितेन्द्र बंदूक लेकर कार से वहां से फरार हो गए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि अजय लोधी अपनी कार में हमेशा बंदूक लेकर चलता है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 296(बी), 125 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post