दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह बायपास पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 32 वर्षीय महिला रेखा ट्रक की चपेट में आ गई और उसका पहिया सिर के ऊपर से गुजर गया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया।
पीछे से ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर
पुलिस के अनुसार, हादसा बायपास स्थित होमगार्ड मैदान के पास हुआ। रेखा अपने पति मनीराम के साथ बाइक से जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर गए। इसी दौरान रेखा ट्रक की चपेट में आ गई।
पत्नी का शव गोद में लेकर रोता रहा पति
हादसे में रेखा का सिर बुरी तरह कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी की मौत से मनीराम सदमे में आ गया। वह सड़क किनारे पत्नी के शव को गोद में लेकर बैठा रहा और परिजनों को फोन कर हादसे की जानकारी देता रहा। इस दौरान वह लगातार रोता रहा।
घटना की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया।
CCTV से ट्रक की तलाश
तेजाजी नगर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि ट्रक और उसके चालक की पहचान कर उसे पकड़ा जा सके।
Tags
madhya pradesh
