MP Breaking News: सागर में जहरीली शराब का कहर, अब तक 11 की मौत; 24 अस्पताल में भर्ती, 6 शराब दुकानें सील

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में कथित जहरीली और अवैध शराब पीने से मौतों का सिलसिला जारी है। अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 35 लोगों को अस्पताल लाया गया, जिनमें से 24 का इलाज अभी चल रहा है। कुछ मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया है। प्रशासन ने मौतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई है।

बताया जा रहा है कि घूघर, नौराज, बराज और आसपास के गांवों के लोगों ने शनिवार रात शराब का सेवन किया था। इसके बाद कई लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कुछ लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मरीजों के शरीर पड़ रहे नीले, अकड़न की शिकायत

अस्पताल पहुंचे मरीजों में शरीर नीला पड़ने और अकड़न जैसे लक्षण सामने आए हैं। घटना के बाद प्रशासन ने प्रभावित गांवों में स्क्रीनिंग अभियान शुरू कर दिया है। शराब का सेवन करने वाले लोगों की जांच कराई जा रही है।

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लोगों से अपील की है कि जिन लोगों ने पिछले 24 से 48 घंटे में किसी भी तरह की शराब का सेवन किया है, वे लक्षण नहीं होने पर भी एहतियात के तौर पर स्क्रीनिंग कराएं। उल्टी, सिरदर्द, बुखार या अन्य परेशानी होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या सिविल अस्पताल पहुंचने की सलाह दी गई है।

6 शराब दुकानें सील, सैंपलिंग के निर्देश

मौतों के बाद प्रशासन और पुलिस एक्शन में आ गए हैं। एहतियातन क्षेत्र की 6 शराब दुकानों को सील कर दिया गया है और शराब के सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं।

मृतक के भाई ने बताया- आधे घंटे में दम तोड़ दिया

बमुराबेड़ा गांव के रामकुमार दांगी के चचेरे भाई की भी इस घटना में मौत हुई है। रामकुमार ने बताया कि उनके गांव में चार लोगों की मौत हुई है। उन्होंने दावा किया कि तीन लोगों ने साथ में शराब पी थी और इसके बाद अचानक उनके शरीर ठंडे पड़ने लगे। कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।

वरिष्ठ अधिकारियों ने गांवों का किया दौरा

मौतों की सूचना के बाद सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी नौराज और गूगरा खुर्द पहुंचे। अधिकारियों ने मृतकों के परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post