दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मुंबई। नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। महज ₹2 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 36 दिनों में भारत में ₹200 करोड़ से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। फिल्म की कमाई उसके बजट से 100 गुना से भी अधिक हो गई है।
सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने शुक्रवार को 36वें दिन भारत में ₹10.50 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन ₹173.63 करोड़, जबकि ग्रॉस कलेक्शन ₹205.15 करोड़ तक पहुंच गया है।
‘हैवान’ और ‘मिर्जापुर द मूवी’ को भी छोड़ा पीछे
शुक्रवार के कलेक्शन के मामले में ‘हनुमान अंश’ ने नई रिलीज फिल्म ‘हैवान’ और ‘मिर्जापुर द मूवी’ को पीछे छोड़ दिया। ‘हैवान’ ने रिलीज के पहले दिन भारत में करीब ₹3 करोड़ नेट कमाए, जबकि ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने आठवें दिन ₹9.50 करोड़ नेट कलेक्शन किया था। इसके मुकाबले ‘हनुमान अंश’ ने 36वें दिन ₹10.50 करोड़ की कमाई की।
‘मिर्जापुर द मूवी’ का भारत में ग्रॉस कलेक्शन ₹188.19 करोड़ और विदेशों से कलेक्शन ₹38 करोड़ बताया गया है। फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन ₹226.19 करोड़ पहुंच गया है।
पहले दिन सिर्फ 10 लाख की कमाई
‘हनुमान अंश’ की शुरुआत बेहद धीमी रही थी। 7 अगस्त 2026 को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन महज ₹10 लाख की कमाई की थी। शुरुआत में फिल्म को देशभर में सिर्फ 25 स्क्रीन मिली थीं। पहले दो हफ्तों तक इसकी कमाई भी धीमी रही।
हालांकि, सोशल मीडिया पर दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और मजबूत वर्ड ऑफ माउथ के चलते फिल्म की लोकप्रियता लगातार बढ़ती गई। इसके बाद सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या बढ़ी और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तेजी से रफ्तार पकड़ी।
डॉक्टर से फिल्म निर्देशक बने विशाल चतुर्वेदी
फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। 42 वर्षीय विशाल फिल्मों में आने से पहले डॉक्टर थे। ‘हनुमान अंश’ उनके निर्देशन की दूसरी फिल्म है। इससे पहले वह वर्ष 2013 में ‘वॉर्निंग’ फिल्म का निर्देशन कर चुके हैं।
शोभिनव सत्या ने निभाया नीम करोली बाबा का किरदार
फिल्म में अभिनेता शोभिनव सत्या ने नीम करोली बाबा की भूमिका निभाई है। उन्होंने FTII, पुणे से पढ़ाई की है। अभिनय के अलावा वह असिस्टेंट डायरेक्टर, सेकंड यूनिट डायरेक्टर, स्क्रिप्ट और कंटिन्यूटी विभाग में भी काम कर चुके हैं।
सुनील लोधी का गाना हुआ वायरल
फिल्म का चर्चित भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ है। इसे 25 वर्षीय नेत्रहीन गायक सुनील लोधी ने आवाज दी है। मध्य प्रदेश के सागर जिले के अगरा गांव के रहने वाले सुनील लंबे समय से गांव, मेलों और ट्रेनों में भजन व बुंदेली लोकगीत गाते रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनके वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें फिल्म में गाने का मौका मिला।
‘हनुमान अंश’ की कहानी, संगीत और दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया ने फिल्म को धीमी शुरुआत के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता दिलाई है।
Tags
national
