दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। सोमवार शाम करीब 5 बजे बारिश के दौरान सेंट्रल जेल के सामने बड़ा हादसा हो गया। सड़क से गुजर रही कारों पर अचानक भारी-भरकम पेड़ गिर गया। हादसे में डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंगी की 75 वर्षीय मां राधा देवी सिंगी की मौत हो गई, जबकि उनके पोते प्रखर सिंगी (25) और पारिवारिक मित्र वैशाली जायसवाल (55) घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए गोकुलदास अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया गया कि राधा देवी मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराने के बाद घर लौट रही थीं। इसी दौरान पेड़ उनकी कार पर जा गिरा। पेड़ के नीचे दबने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राधा देवी की गर्दन कार के अंदर ही मुड़ गई और सिर में भी गंभीर चोट आई। उन्हें करीब डेढ़ घंटे तक कार के अंदर दबे रहना पड़ा।
बैठक में थीं डिप्टी कलेक्टर
हादसे के वक्त डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंगी नर्मदा घाटी विभाग की बैठक में थीं। घटना की जानकारी मिलते ही कमिश्नर भास्कर लक्ष्यकार ने बैठक निरस्त कर अधिकारियों को मौके पर भेजा। पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने भी बचाव कार्य में मदद की। परिजनों ने आरोप लगाया कि पेड़ हटाने के लिए टीम के पहुंचने में काफी समय लगा, जिसके चलते राधा देवी लंबे समय तक कार के अंदर फंसी रहीं।
शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
एसीपी विनोद दीक्षित के मुताबिक, राधा देवी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों घायलों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
इंदौर में अब तक 22 इंच बारिश
इंदौर में इस मानसून सीजन में अब तक करीब 22 इंच बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है, हालांकि स्थानीय सिस्टम बनने पर कुछ समय के लिए बारिश हो सकती है। आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।
Tags
madhya pradesh
