दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। नगर निगम मुख्यालय में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब महापौर मालती राय की अटैच्ड कार में आग लगाने की कोशिश की गई। महापौर की गाड़ी निगम मुख्यालय की पार्किंग में खड़ी थी। घटना के समय महापौर प्रथम तल स्थित अपने कार्यालय में मौजूद थीं।
जानकारी के अनुसार, घटना करीब पौने 3 बजे की है। इसी दौरान दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी सुनील रैकवार निगम मुख्यालय पहुंचा और हंगामा करने लगा। बताया जा रहा है कि उसने कागजों से भरी एक पॉलीथिन कार की छत पर रखी और उसमें आग लगा दी। कुछ ही देर में पॉलीथिन तेजी से जलने लगी। आग देखकर आसपास मौजूद कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया।
कार के ऊपर आग लगी देखकर एक कर्मचारी दौड़कर पहुंचा और आग बुझा दी। इस दौरान उसका हाथ भी झुलस गया। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से महापौर की कार को बड़े नुकसान से बचा लिया गया। आग बुझाने के बाद कार को पार्किंग की निर्धारित जगह से हटाकर दूसरी जगह खड़ा कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि सुनील रैकवार दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी है और लंबे समय से कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग उठा रहा है। वह कर्मचारी संगठन ‘सम्राट अशोक संगठन’ का अध्यक्ष भी बताया जा रहा है। नियमित नहीं किए जाने से नाराज होकर वह सोमवार को निगम मुख्यालय पहुंचा था। आग लगाने के बाद उसने मंत्री और महापौर के विरोध में नारेबाजी भी की।
कर्मचारी की ओर से 29 दिवस वाले कर्मचारियों को स्थायी करने, सभी कर्मचारियों को आठवां वेतनमान देने, सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन की सुविधा देने और नगर निगम में कार्यरत कर्मचारियों को दलालों से दूर रखने जैसी मांगें उठाई गई हैं।
घटना के दौरान सुनील रैकवार के एक हाथ में सिरिंज लगी हुई भी दिखाई दी। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि वह अस्पताल में इलाज कराने के बाद सीधे निगम मुख्यालय पहुंचा था। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद महापौर मालती राय कुछ देर अपने कार्यालय में रहीं और उन्होंने मीडिया से बातचीत नहीं की। निगम मुख्यालय की पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी देखे गए हैं। जानकारी के अनुसार, संबंधित कर्मचारी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Tags
madhya pradesh
