विमेंस एशिया कप टी-20 में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली/ दुबई। विमेंस एशिया कप टी-20 में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 55 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत ने 56 रन के आसान लक्ष्य को 8.4 ओवर में 3 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।

भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने नशरा संधू के ओवर में चौका और फिर छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। इससे पहले भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। फातिमा सना ने दूसरे ओवर में शेफाली वर्मा (12) और प्रतिका रावल (4) को आउट किया। इसके बाद उन्होंने स्मृति मंधाना को भी 9 रन पर LBW कर दिया।

पाकिस्तान का टी-20 इंटरनेशनल में सबसे छोटा स्कोर

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की पूरी टीम 19वें ओवर की पहली गेंद पर 55 रन पर सिमट गई। यह पाकिस्तान का टी-20 इंटरनेशनल में सबसे कम स्कोर है। टीम की 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सकीं। शवाल जुल्फिकार ने सबसे ज्यादा 14 रन बनाए।

भारत की ओर से श्री चरणी और प्रेमा रावत ने 3-3 विकेट, जबकि दीप्ति शर्मा ने 2 विकेट लिए। शेफाली वर्मा को भी एक सफलता मिली।

दीप्ति बनीं महिला टी-20 इंटरनेशनल की टॉप विकेट टेकर

दीप्ति शर्मा ने पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना को LBW आउट करते ही महिला टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनने की उपलब्धि हासिल की।

टॉस में भी नहीं हुआ हैंडशेक

भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले टॉस के दौरान भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना से हाथ नहीं मिलाया। दोनों टीमों के बीच यह नो-हैंडशेक सिलसिला हालिया भारत-पाकिस्तान मुकाबलों में भी देखने को मिला है।

भारत का पाकिस्तान पर दबदबा बरकरार

इस जीत के साथ भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ लगातार चौथी जीत दर्ज की। दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए 17 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबलों में भारत ने 14 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को केवल 3 जीत मिली हैं। एशिया कप टी-20 में भी भारत का दबदबा कायम है।

Post a Comment

Previous Post Next Post