दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के भोपाल स्थित कार्यालय पहुंचकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आगामी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का निमंत्रण दिया। यह कार्यक्रम 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।
NSUI प्रतिनिधिमंडल ने ABVP पदाधिकारियों से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया। NSUI प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने कहा कि छात्र और युवा वर्ग से जुड़े मुद्दे किसी एक संगठन या विचारधारा तक सीमित नहीं हैं। ये प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य और अधिकारों से जुड़े विषय हैं। ऐसे में विभिन्न छात्र संगठनों के बीच संवाद और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा महत्वपूर्ण है।
शिक्षा, रोजगार और छात्र अधिकारों पर होगी चर्चा
NSUI के अनुसार ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, छात्रवृत्ति, विश्वविद्यालयों में सुविधाओं, छात्र अधिकारों और युवाओं से जुड़े अन्य विषयों पर संवाद किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं की आवाज को सामने लाना और उनसे जुड़े मुद्दों पर चर्चा को आगे बढ़ाना बताया गया है।
NSUI जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर ने ABVP पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे अपने संगठन के छात्र प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम में शामिल होकर छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को सामने रखें। उन्होंने कहा कि अलग-अलग छात्र संगठनों के विचार सामने आने से विद्यार्थियों से जुड़े विषयों पर व्यापक चर्चा हो सकेगी।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष अमित हाटिया, आर्यन मंडलोई, लकी चौबे, धीरज वर्मा और टीआईटी कॉलेज अध्यक्ष हर्ष पटेल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Tags
madhya pradesh
