दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के भेड़पुरा इलाके में मंगलवार रात फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बुधवार दोपहर तीनों आरोपियों का जुलूस भी निकाला। आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने भेड़पुरा निवासी बहादुर अहिरवार पर फायरिंग की थी। घटना की शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
मोहना हनुमान मंदिर के पास से पकड़ा
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने माखन यादव, राम अवतार यादव और पुनीत कुशवाहा को मोहना हनुमान मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल 315 बोर का कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
गिरफ्तारी के बाद निकाला जुलूस
गिरफ्तारी के बाद बुधवार दोपहर पुलिस ने तीनों आरोपियों का जुलूस निकाला। टीआई वैभव गुप्ता ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को आरोपियों की तलाश में लगाया गया था। पुलिस ने कुछ ही घंटों में तीनों को गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिया।
Tags
madhya pradesh
