दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। राजधानी भोपाल के चौक बाजार क्षेत्र में जुए के अड्डे पर कार्रवाई के बाद कोतवाली थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। एसीपी कोतवाली संतोष पटेल की टीम ने जुए के अड्डे पर दबिश देकर दर्जनभर से अधिक जुआरियों को पकड़ा था। मौके से करीब सवा दो लाख रुपए भी जब्त किए गए थे।
कार्रवाई के बाद स्थानीय पुलिस की भूमिका की जांच की गई। जांच में क्षेत्र में जुआ संचालित होने की जानकारी के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद कोतवाली थाना प्रभारी प्रभात गौड़, बीट प्रभारी एएसआई राकेश गुर्जर और माइक्रो बीट प्रभारी आरक्षक नरेंद्र रावत के खिलाफ कार्रवाई की गई।
TI पर संरक्षण के आरोपों की हुई जांच
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, क्षेत्र में जुआ बंद कराने को लेकर पहले भी निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद जुए की गतिविधियां जारी रहने पर थाना स्तर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे। जांच के दौरान थाना प्रभारी पर जुआरियों को संरक्षण देने के आरोपों की भी पड़ताल की गई।
इसके बाद डीसीपी जोन-3 आयुष गुप्ता ने तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित करते हुए लाइन अटैच कर दिया।
बजरिया TI पर भी हो चुकी है कार्रवाई
जुए के मामले में थाना स्तर के पुलिसकर्मियों पर भोपाल पुलिस की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। इससे पहले बजरिया थाना प्रभारी शिल्पा कौरव को भी जुआरियों को संरक्षण देने के आरोपों के बाद निलंबित किया गया था।
पुलिस अब चौक बाजार में संचालित जुए के अड्डे से जुड़े अन्य लोगों और लंबे समय से चल रही गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
Tags
madhya pradesh
