दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पितृपक्ष के अवसर पर गया में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए रेल प्रशासन ने जबलपुर–गया–जबलपुर के बीच पितृपक्ष स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 01701/01702 के तीन-तीन ट्रिप संचालित किए जाएंगे। इससे पितृपक्ष में गया जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
गया से जबलपुर के लिए 28 सितंबर से ट्रेन
गाड़ी संख्या 01702 गया–जबलपुर एक्सप्रेस स्पेशल 28 सितंबर, 3 अक्टूबर और 8 अक्टूबर 2026 को गया से दोपहर 3:30 बजे रवाना होगी। ट्रेन अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी-ऑन-सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, मिर्जापुर, प्रयागराज छिवकी, मानिकपुर, सतना, मैहर, कटनी और सिहोरा रोड होते हुए अगले दिन सुबह 8:10 बजे जबलपुर पहुंचेगी।
जबलपुर से गया के लिए 29 सितंबर से संचालन
गाड़ी संख्या 01701 जबलपुर–गया एक्सप्रेस स्पेशल 29 सितंबर, 4 अक्टूबर और 9 अक्टूबर 2026 को जबलपुर स्टेशन से रात 9:25 बजे रवाना होगी। ट्रेन सिहोरा रोड, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी-ऑन-सोन और अनुग्रह नारायण रोड होते हुए अगले दिन दोपहर 2:30 बजे गया पहुंचेगी।
24 कोच की रहेगी स्पेशल ट्रेन
पितृपक्ष स्पेशल में 4 सामान्य श्रेणी, 12 शयनयान, 4 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और 2 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे। इसके अलावा 2 एलएलआरडी कोच भी रहेंगे। इस तरह ट्रेन में कुल 24 कोच होंगे।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से पितृपक्ष स्पेशल ट्रेन की सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है। ट्रेन के ठहराव और विस्तृत समय-सारिणी की जानकारी के लिए यात्री भारतीय रेल की वेबसाइट अथवा एनटीईएस ऐप पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
