Jabalpur News: मदन महल थाने में मिला साढ़े 6 फीट लंबा कोबरा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
मदन महल थाना परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब मंदिर के पीछे करीब साढ़े 6 फीट लंबा कोबरा दिखाई दिया। सांप को देखते ही पुलिसकर्मी और वहां मौजूद लोग सतर्क हो गए। सूचना मिलने पर सर्प विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, थाना परिसर में ड्यूटी के दौरान आरक्षक मुन्ना चौधरी की नजर मंदिर के पीछे बैठे सांप पर पड़ी। उन्होंने तत्काल सर्प विशेषज्ञ गजेंद्र दुबे को सूचना दी। सूचना मिलते ही गजेंद्र दुबे मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक सांप को पकड़ लिया।

सर्प विशेषज्ञ गजेंद्र दुबे के मुताबिक, गर्मी और उमस के कारण सांप ठंडक की तलाश में थाना परिसर में पहुंचा होगा। सांप ने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया और मौके पर मौजूद लोगों ने भी उसके साथ किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की।

इंडियन स्पेक्टेकल्ड कोबरा की हुई पहचान

थाने के एसआई सतीश संरागी ने बताया कि सांप आकार में काफी बड़ा था। सर्प विशेषज्ञ गजेंद्र दुबे के अनुसार, रेस्क्यू किया गया सांप इंडियन स्पेक्टेकल्ड कोबरा था। रेस्क्यू के बाद सांप को सुरक्षित रूप से बरगी के जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया। सांप के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद पुलिसकर्मियों और थाना परिसर में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

Post a Comment

Previous Post Next Post