Jabalpur News: गणेश विसर्जन जुलूस में पुरानी रंजिश को लेकर भिड़े दो पक्ष

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। मेमोरी तिराहा-व्हीकल मोड़ के पास दोनों पक्षों में विवाद के बाद लोहे के कड़े से हमला करने के आरोप लगाए गए। मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

पुलिस के अनुसार बापूनगर रांझी निवासी शुभम सोनकर (20) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सुअर मीट की दुकान लगाता है। वह अपने साथी विकास अहिरवार और भाई रघुवीर सोनकर के साथ गणेश जी का जुलूस देखने निकला था। गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान मेमोरी तिराहा-व्हीकल मोड़ के पास मेन रोड पर उसकी मुलाकात अमित उर्फ बिट्टू चौधरी और उसके साथी मोहित से हुई। शुभम ने पुलिस को बताया कि अमित उर्फ बिट्टू और मोहित से उसकी पूर्व से रंजिश चल रही है। इसी बात को लेकर दोनों उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। गाली देने से मना करने पर आरोप है कि अमित उर्फ बिट्टू ने हाथ में पहने लोहे के कड़े से हमला कर उसकी नाक, कान और गर्दन के पास चोट पहुंचाई, जबकि मोहित ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद दोनों जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। शुभम सोनकर की शिकायत पर रांझी पुलिस ने धारा 296(बी), 118(1), 351(2) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।  

वहीं अमित चौधरी (19) निवासी कांचघर घमापुर, वर्तमान पता आमानाला बड़ा पत्थर रांझी ने भी पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। अमित के अनुसार वह अपने साथी आयुष समुद्रे और अभिषेक चौधरी के साथ गणेश जी का विसर्जन जुलूस देखने गया था। मेमोरी तिराहा-व्हीकल मोड़ मेन रोड के पास उसकी मुलाकात बापूनगर निवासी शुभम सोनकर से हुई। अमित का आरोप है कि शुभम पुरानी बात को लेकर उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। गाली देने से मना करने पर शुभम ने हाथ में पहने लोहे के कड़े से हमला कर उसके सिर में चोट पहुंचाई और जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गया। वहीं अमित चौधरी की शिकायत पर धारा 296(बी), 118(1) और 351(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post