Jabalpur News: साइड माँगने पर भड़के बदमाश, परिवार को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, युवती को मारा चाकू

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र में गणेश पंडाल के पास रास्ता देने के एवज में 1 हजार रुपए मांगने और पैसे देने से इनकार करने पर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पांच युवकों ने एक परिवार के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस दौरान चाकू से किए गए हमले में एक युवती की उंगली में चोट आई, जबकि अन्य लोगों को भी चोटें पहुंची हैं। 

पुलिस के अनुसार कंजड़ मोहल्ला निवासी प्रयास कुमार जाट (23) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह पढ़ाई करता है। 22 सितंबर की रात करीब 12:15 बजे वह अपने भाई स्वराज जाट, सत्यम जाट, प्रियांस जाट और बहन सुहाना जाट के साथ गणेश जी के दर्शन करने अधारताल आया था। एकता चौक स्थित गणेश उत्सव समिति के पंडाल में अभिनंदन अस्पताल के बाजू से दर्शन करने के बाद वे वापस लौट रहे थे।

पंडाल के सामने ऋषि चक्रवर्ती अपने साथी अभिनव, शेखर, तरुण और प्रिंस के साथ खड़ा था। प्रयास ने ऋषि को रास्ते से हटने के लिए कहा। आरोप है कि इस पर ऋषि और अभिनव ने उससे कहा कि अगर निकलना है तो 1 हजार रुपए देने होंगे। प्रयास ने रुपए देने से मना किया तो दोनों गाली-गलौज करने लगे।

गाली देने से मना करने पर ऋषि और अभिनव के साथ मौजूद शेखर, तरुण और प्रिंस भी विवाद में शामिल हो गए। प्रयास के भाई और बहन ने गाली-गलौज करने से मना किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, मारपीट के दौरान ऋषि ने चाकू से हमला कर सुहाना के बाएं हाथ की उंगली में चोट पहुंचाई, जबकि अभिनव ने डंडे से उसके भाई के साथ मारपीट की। मारपीट में प्रयास और उसके भाई-बहन को चेहरे, हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। आरोपियों ने जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी।

प्रयास की शिकायत पर अधारताल पुलिस ने ऋषि चक्रवर्ती, अभिनव, शेखर, तरुण और प्रिंस के खिलाफ धारा 296, 115(2), 118(1), 119(1), 351(2) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post