Jabalpur News: मेडिकल के वाहन स्टैंड पर मरीज के परिजन से विवाद, 10 की जगह मांगे 50 रुपए, UPI से भुगतान करने पर अड़े युवक से अभद्रता का आरोप; देखें वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में पार्किंग शुल्क को लेकर मरीज के परिजन और साइकिल स्टैंड कर्मचारियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्टैंड कर्मचारियों ने निर्धारित शुल्क से अधिक राशि की मांग की। परिजन ने यूपीआई के जरिए भुगतान करने की बात कही तो कर्मचारियों ने कैश देने को कहा। विवाद बढ़ने पर अभद्रता और गाली-गलौज की गई। इसी दौरान एक युवक द्वारा बेल्ट निकालकर बाइक सवार को मारने की कोशिश का वीडियो भी सामने आया है।

10 रुपए की जगह मांगे 50 रुपए

मंगलवार दोपहर एक युवक अपने परिवार के साथ मेडिकल कॉलेज में मरीज का हाल जानने पहुंचा था। उसने मुख्य गेट स्थित साइकिल स्टैंड में बाइक खड़ी की थी। वापस लौटने पर पार्किंग शुल्क को लेकर विवाद शुरू हो गया। परिजनों का आरोप है कि उनसे निर्धारित 10 रुपए के बजाय 50 रुपए मांगे गए।

युवक ने यूपीआई के जरिए भुगतान करने की बात कही, लेकिन स्टैंड कर्मचारियों ने कैश देने की मांग की। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ गई।

विवाद के दौरान बेल्ट निकालकर मारने की कोशिश

वायरल वीडियो में स्टैंड कर्मचारी पियूष विश्वकर्मा एक युवक और एक्टिवा सवार महिला से बहस करता नजर आ रहा है। इसी दौरान एक अन्य युवक ने बेल्ट निकाल ली और बाइक लेकर खड़े युवक को मारने का प्रयास किया। वीडियो में गाली-गलौज और विवाद की स्थिति भी दिखाई दे रही है।

पार्किंग शुल्क को लेकर पहले भी शिकायतों का दावा


मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि मेडिकल कॉलेज की पार्किंग का निर्धारित शुल्क 10 रुपए है। वाहन निर्धारित समय से अधिक खड़ा होने पर अतिरिक्त शुल्क लिया जाता है। हालांकि, कुछ लोगों ने 50 से 100 रुपए तक शुल्क मांगे जाने की शिकायतें भी किए जाने का दावा किया है।

परिजनों का आरोप है कि पार्किंग शुल्क, समय सीमा और अतिरिक्त शुल्क से संबंधित जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित नहीं की गई है। उनका कहना है कि पार्किंग व्यवस्था को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं।

डीन ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही

मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. नवनीत सक्सेना ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। स्थानीय पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई है। साइकिल स्टैंड संचालक से पूछताछ की जा रही है। जांच में लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post