Jabalpur News: हिरन नदी पुल पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, साथी घायल; चालक वाहन समेत फरार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
कटंगी थाना क्षेत्र में हिरन नदी के बड़े पुल पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक और ट्रक की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कटंगी के पौड़ी गांव निवासी बृजेंद्र लोधी और बुद्ध ठाकुर एक ही बाइक पर सवार होकर कटंगी की ओर जा रहे थे। बाइक बृजेंद्र चला रहा था। हिरन नदी के बड़े पुल पर सड़क में बने गड्ढे से बचने के दौरान उनकी बाइक की रफ्तार धीमी हुई। इसी दौरान पीछे से जबलपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही बुद्ध ठाकुर सड़क की दूसरी ओर जा गिरा, जिससे उसे मामूली चोटें आईं। वहीं बृजेंद्र बाइक समेत ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद पुल पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही कटंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था बहाल कराई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

घायल बुद्ध ठाकुर ने पुलिस को बताया कि वे दोनों कटंगी की ओर जा रहे थे। पुल पर गड्ढा होने के कारण बाइक की रफ्तार धीमी की थी, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। वह सड़क की दूसरी ओर गिर गया, जबकि बृजेंद्र बाइक समेत ट्रक की चपेट में आ गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post