MP में 9 साल बाद छात्रसंघ चुनाव की हलचल: परीक्षाओं के बाद तय होगी तारीख, जानिए क्या रहेगा चुनाव का फॉर्मूला

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मध्यप्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में करीब नौ साल बाद छात्रसंघ चुनाव कराने की तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव की प्रस्तावित व्यवस्था और नियमों को अंतिम रूप देने के लिए उच्च शिक्षा विभाग की छह सदस्यीय समिति काम कर रही है। समिति की बैठक में छात्र संगठनों और शिक्षण संस्थानों से मिले सुझावों पर चर्चा की गई है।

प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार छात्रसंघ चुनाव की शुरुआत कक्षा स्तर से होगी। विद्यार्थी मतदान के जरिए कक्षा प्रतिनिधि (सीआर) का चुनाव करेंगे। इसके बाद चुने गए कक्षा प्रतिनिधि कॉलेज अध्यक्ष सहित विश्वविद्यालय स्तर के पदाधिकारियों के निर्वाचन में हिस्सा लेंगे।

25 सितंबर तक समिति सौंपेगी रिपोर्ट

चुनाव की प्रक्रिया, नियम और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर गठित छह सदस्यीय समिति को 15 दिन के भीतर अपनी अनुशंसाएं उच्च शिक्षा विभाग को सौंपनी हैं। समिति की निर्धारित समय-सीमा 25 सितंबर को पूरी हो रही है। समिति में शासकीय महाकौशल कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, जबलपुर के प्राचार्य प्रो. अलकेश चतुर्वेदी सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलगुरु और उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल हैं।

परीक्षा कार्यक्रम के बाद तय होगी चुनाव की तारीख

छात्रसंघ चुनाव की तारीख तय करने से पहले प्रदेश के विश्वविद्यालयों में होने वाली परीक्षाओं की स्थिति का आकलन किया जा रहा है। उच्च शिक्षा विभाग ने विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों से आगामी परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी मांगी है। प्राप्त जानकारी के आधार पर चुनाव कार्यक्रम को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है।

छात्र संगठनों से भी लिए सुझाव

चुनाव व्यवस्था तैयार करने से पहले छात्र संगठनों और महाविद्यालयों से सुझाव आमंत्रित किए गए थे। समिति ने इन सुझावों के आधार पर विद्यार्थियों की भागीदारी, चुनाव के विभिन्न चरणों और पदाधिकारियों के चयन की प्रक्रिया पर विचार किया है।

प्रो. अलकेश चतुर्वेदी, क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक, उच्च शिक्षा, जबलपुर संभाग ने बताया कि चुनाव को लेकर बैठक हो चुकी है और छात्र संगठनों व शिक्षण संस्थानों से मिले सुझावों पर चर्चा की गई है। फिलहाल प्रक्रिया जारी है और विश्वविद्यालयों से परीक्षा संबंधी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारू रूप से कराई जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post