Jabalpur News: भतीजे ने चाचा के घर में घुसकर की तोड़फोड़, बहन का फोड़ा सिर; बीच-बचाव करने आई चाची से मारपीट कर मंगलसूत्र छीना

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
घमापुर थाना क्षेत्र के कांचघर पुलिस लाइन इलाके में पारिवारिक बंटवारे को लेकर विवाद के चलते एक युवक पर अपने चाचा के घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने का आरोप लगा है। घटना में चाचा की बेटी आरती मेहरा के सिर में चोट आई है। घायल आरती को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।

आरती मेहरा ने पुलिस को बताया कि पारिवारिक बंटवारे को लेकर उसके बड़े पिताजी का बेटा राजेश मेहरा लंबे समय से विवाद करता आ रहा है। आरोप है कि राजेश परिवार को घर से निकालने की धमकी भी देता रहा है।

आरती के मुताबिक, गुरुवार सुबह राजेश घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास कर रहा था। परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान राजेश ने आरती के सिर पर ईंट से वार कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।

आरती ने आरोप लगाया कि इसके बाद राजेश ने उसकी मां ममता मेहरा के साथ भी मारपीट की और उनका मंगलसूत्र छीन लिया। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गया।

घटना की जानकारी मिलने पर घायल आरती को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। मामले में पुलिस शिकायत और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post