दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। खजरी खिरिया बायपास पर नेशनल हाईवे द्वारा सड़क निर्माण कार्य के दौरान 250 एमएम की राइजिंग मेन पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य किया जाना है, जिसके चलते बुधवार को इससे जुड़ी पानी की टंकियों से होने वाली प्रातःकालीन एवं सायंकालीन जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।
कार्यपालन यंत्री जल कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण कुंगवा, खैरी, सुहागी, अमखेरा, शिवनगर और किलकारी गार्डन से संबंधित क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित होगी।
नगर निगम द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से वैकल्पिक जलापूर्ति की व्यवस्था की जाएगी। निगम अधिकारियों के अनुसार पाइपलाइन का सुधार कार्य पूरा होते ही संबंधित क्षेत्रों में जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
इस दौरान होने वाली असुविधा के लिए महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’, जल प्रभारी दामोदर सोनी एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए खेद व्यक्त किया है।
Tags
Jabalpur
