Jabalpur News: इंदिरा मार्केट में चाकूबाजी, युवक गंभीर रूप से घायल; स्कूटी सवार बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शराब खरीदने के लिए पैसे नहीं देने पर रेलवे के एक वेंडर पर चाकू से हमला करने और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूटी सवार दो युवकों ने पहले शराब के लिए पैसे मांगे। इनकार करने पर एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया, जबकि दूसरे ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। वारदात के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, ग्राम विसिलगवा, थाना चुरहट, जिला सीधी निवासी 26 वर्षीय मनीष कुमार पटेल वर्तमान में इंदिरा मार्केट में साहनी ऑनलाइन के नीचे रहता है और रेलवे में वेंडर का काम करता है। मनीष ने 29 सितंबर 2026 को सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 28 सितंबर की रात करीब 8 बजे वह रेलवे स्टेशन से इंदिरा मार्केट में अंडे लेने के लिए मखीजा मेडिकल की तरफ जा रहा था।

इसी दौरान शगुन होटल के सामने स्कूटी सवार दो युवक पहुंचे। शिकायत के मुताबिक, स्कूटी चला रहे युवक ने मनीष से पूछा कि वह क्या बोल रहा है। मनीष ने कुछ नहीं कहने की बात कही, जिसके बाद दोनों युवक स्कूटी से उतर गए और शराब खरीदने के लिए पैसे मांगने लगे।

मनीष ने पैसे देने से इनकार किया तो स्कूटी चालक ने चाकू से हमला कर उसकी दाहिनी जांघ में चोट पहुंचा दी। वहीं, दूसरे युवक ने हाथ-मुक्कों से मारपीट कर उसके सिर और आंख के पास चोट पहुंचाई। इसके बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए।

पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118(1), 119(1), 126(2), 296(बी), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post