दैनिक संध्यय बन्धु (एजेंसी) मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी की मां और प्लेबैक सिंगर कृष्णा मुखर्जी का मंगलवार दोपहर 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। कृष्णा मुखर्जी का बंगाली सिनेमा से गहरा जुड़ाव रहा। वे एक पेशेवर प्लेबैक सिंगर थीं और उन्होंने कई बंगाली फिल्मों के लिए अपनी आवाज दी थी। संगीत के क्षेत्र में सक्रिय रहने के साथ उन्होंने बेटी रानी मुखर्जी के करियर में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शाहरुख खान समेत कई सितारे पहुंचे
कृष्णा मुखर्जी के निधन की खबर मिलते ही बॉलीवुड के कई कलाकार उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। अभिनेता शाहरुख खान भी रानी मुखर्जी के घर पहुंचे और अंतिम दर्शन किए। इसके अलावा निर्देशक कबीर खान अपनी पत्नी के साथ, जबकि फराह खान और साजिद खान भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
यशराज फिल्म्स ने कहा कि भारी मन से रानी मुखर्जी की मां श्रीमती कृष्णा मुखर्जी के निधन की जानकारी दी जा रही है। परिवार ने इस कठिन समय में मिले प्यार, प्रार्थनाओं और समर्थन के लिए सभी का आभार जताया है और लोगों से परिवार की निजता का सम्मान करने की अपील की है।
बेटी रानी के बेहद करीब थीं कृष्णा
कृष्णा मुखर्जी और रानी मुखर्जी के बीच बेहद करीबी रिश्ता था। रानी अपने करियर की शुरुआत से ही कई अवॉर्ड समारोहों, फिल्म स्क्रीनिंग और सार्वजनिक कार्यक्रमों में अपनी मां के साथ नजर आती थीं। पति और फिल्म निर्देशक राम मुखर्जी के निधन के बाद भी कृष्णा परिवार के साथ मजबूती से खड़ी रहीं। राम मुखर्जी का निधन 2017 में हुआ था।
प्लेबैक सिंगिंग में बनाई पहचान
कृष्णा मुखर्जी ने 1980 के दशक में प्लेबैक सिंगिंग के क्षेत्र में काम किया। साल 1982 में रिलीज हुई फिल्म 'तीसरी आंख' का गाना 'ईद के दिन गले मिल ले राजा' उनके चर्चित गीतों में शामिल था। इस गीत को संगीतकार जोड़ी लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने तैयार किया था। वे बंगाली एल्बम और स्टेज शो के जरिए भी संगीत से जुड़ी रहीं।
कृष्णा मुखर्जी ने रानी को अभिनय के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया था। हालांकि, वे बेटी के काम को लेकर काफी सजग और सख्त भी थीं। रानी के शुरुआती स्क्रीन टेस्ट के दौरान उन्होंने उनके अभिनय को लेकर अपनी स्पष्ट राय भी जाहिर की थी।
'मर्दानी 3' में नजर आई थीं रानी
रानी मुखर्जी ने अपने लंबे फिल्मी करियर में 'गुलाम', 'कुछ कुछ होता है', 'साथिया', 'हम तुम' और 'ब्लैक' जैसी फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं। वे हाल ही में रिलीज हुई 'मर्दानी 3' में भी नजर आई थीं, जिसमें उन्होंने पुलिस अधिकारी शिवानी शिवाजी रॉय का किरदार निभाया।
Tags
national
