Jabalpur News: पिता की मौत का सदमा, बेटी की भी मौत; एक ही दिन उठीं पिता-पुत्री की अर्थियां

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां सर्पदंश से पिता की मौत के बाद उनकी 15 वर्षीय बेटी की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार को पिता का शव घर पहुंचने पर बेटी बेसुध होकर गिर पड़ी थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार को पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम के बाद पिता-पुत्री का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बरखेड़ा निवासी 42 वर्षीय बसंत कोल मजदूरी करते थे। सोमवार रात वह घर में सो रहे थे, तभी एक काले सर्प ने उन्हें काट लिया। परिजनों ने सर्प को देखा और उसे मार दिया। इसके बाद बसंत को उपचार के लिए सिहोरा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जबलपुर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पिता का शव देखते ही बेसुध हुई बेटी


मंगलवार शाम मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद परिजन बसंत का शव लेकर बरखेड़ा पहुंचे। पिता का शव देखते ही उनकी 15 वर्षीय बेटी लक्ष्मी कोल रोने लगी और अचानक बेसुध होकर गिर पड़ी। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

अंतिम संस्कार की तैयारी की सूचना पर पहुंची पुलिस

लक्ष्मी की मौत के बाद परिजन मंगलवार रात उसका शव गांव लेकर आए। बुधवार सुबह अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान सिहोरा पुलिस को किशोरी की संदिग्ध मौत और बिना पोस्टमार्टम अंतिम संस्कार किए जाने की सूचना मिली।

सूचना मिलने पर सिहोरा थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को पुलिस टीम के साथ बरखेड़ा पहुंचीं। पुलिस ने परिजनों से पोस्टमार्टम कराने को कहा, लेकिन परिजन मौत को सामान्य बताते हुए पीएम कराने के लिए तैयार नहीं थे। करीब दो से तीन घंटे की समझाइश के बाद पुलिस शव को सिहोरा स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

डॉक्टरों ने हार्ट अटैक की जताई संभावना

सिहोरा थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को के मुताबिक, सर्पदंश की जानकारी मिलने के बाद लक्ष्मी बेसुध हुई थी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, लक्ष्मी की संभावित मौत हार्ट अटैक से होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गांव के बाहर हुआ पिता-पुत्री का अंतिम संस्कार


बरखेड़ा के सरपंच पति अमन ठाकुर ने बताया कि बसंत सिहोरा में मजदूरी करते थे। परिवार में उनकी पत्नी के अलावा एक बेटा और बेटी थी। सोमवार रात सर्पदंश के बाद बसंत की मौत हो गई। इसके बाद पिता का शव देखकर बेटी लक्ष्मी भी बेसुध हुई और बाद में उसकी मौत हो गई। बुधवार को गांव के बाहर दोनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post