मोहन मंत्रिमंडल में बड़े फेरबदल की आहट: गृह विभाग को लेकर सुगबुगाहट तेज, तीन नए चेहरे हो सकते हैं शामिल

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली/भोपाल। मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार में जल्द ही नए चेहरों को जगह दी जा सकती है। सबसे बड़ी चर्चा गृह विभाग को लेकर है। माना जा रहा है कि यदि फेरबदल होता है तो गृह विभाग की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री से लेकर किसी अन्य वरिष्ठ नेता को सौंपी जा सकती है।

फिलहाल गृह विभाग मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पास है। ऐसे में संभावित फेरबदल के बीच राजनीतिक नजरें इस बात पर टिकी हैं कि नया गृहमंत्री कौन होगा।

तीन नए मंत्रियों की एंट्री की चर्चा

सूत्रों के हवाले से सामने आ रही चर्चाओं के मुताबिक, मंत्रिमंडल में करीब तीन नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है। इसके जरिए क्षेत्रीय, सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को साधने की कवायद की जा सकती है।

खास बात यह है कि संभावित नए चेहरों में एक महिला विधायक को भी मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। हालांकि, अभी किसी नाम को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मंत्रियों के रिपोर्ट कार्ड पर भी नजर

संभावित फेरबदल में केवल नए चेहरों की एंट्री ही नहीं, बल्कि मौजूदा मंत्रियों के विभागों में बदलाव की भी अटकलें हैं। राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, मंत्रियों के कामकाज और विभागीय प्रदर्शन को लेकर समीक्षा की जा रही है।

ऐसे में कुछ मंत्रियों के विभाग बदले जा सकते हैं, जबकि बेहतर प्रदर्शन करने वाले विधायकों को सरकार में जिम्मेदारी देने पर विचार की चर्चा है।

भोपाल से दिल्ली तक बैठकों का दौर शुरू

मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं के बीच भोपाल से लेकर दिल्ली तक बैठकों का दौर शुरू होने की बात कही जा रही है। वहीं, संभावित मंत्री पद के दावेदार विधायक भी अपने-अपने स्तर पर सक्रिय नजर आ रहे हैं।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि मंत्री बनने की दौड़ में शामिल विधायक संगठन और नेतृत्व स्तर पर अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं। हालांकि, अंतिम फैसला भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और मुख्यमंत्री की सहमति के बाद ही सामने आएगा।

मध्य प्रदेश में मंत्रिपरिषद के सदस्यों की अधिकतम संख्या विधानसभा की कुल सदस्य संख्या के 15 प्रतिशत तक हो सकती है। इस लिहाज से मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 35 सदस्य मंत्रिपरिषद का हिस्सा हो सकते हैं। ऐसे में मंत्रिमंडल में नए चेहरों को शामिल करने की गुंजाइश बनी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post