दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के पुराना झंडा चौक स्थित मेजर किराना स्टोर की गली में गणेश पंडाल के पास विवाद के दौरान चाकूबाजी की वारदात सामने आई है। घटना में अंशू पिता राजेश चौधरी (19) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, अंशू अपने दो दोस्तों के साथ मेजर किराना जाने वाली गली में मौजूद था। इसी दौरान गणेश पंडाल के पास किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक युवक ने कथित तौर पर चाकू निकालकर अंशू के पेट पर हमला कर दिया। हमले में अंशू के पेट में गंभीर चोटें आई हैं।
सीएसपी सतीश साहू के अनुसार, घायल की शिकायत के आधार पर दो संदिग्धों की पहचान की गई है। दोनों की उम्र करीब 17 से 18 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस टीम अस्पताल पहुंचकर मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनकी वास्तविक उम्र और विवाद की वजह स्पष्ट हो सकेगी। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
