मुंबई में PM मोदी के कार्यक्रम से पहले 2 संदिग्ध हिरासत में, एक ने खुद को PMO अधिकारी बताया

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था में सेंध की कोशिश का मामला सामने आया है। BKC स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) में पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें 24 वर्षीय युवक ने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का वरिष्ठ अधिकारी बताया था। उसके साथ मौजूद निजी बॉडीगार्ड के पास से लोडेड पिस्टल बरामद हुई है।

पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध की पहचान रोहन पारेख (24) के रूप में हुई है। वह फर्जी PMO पहचान पत्र दिखाकर NMACC परिसर में पहुंचा था। उसके व्यवहार पर सुरक्षा अधिकारियों को संदेह हुआ, जिसके बाद उसे रोककर पूछताछ की गई। जांच में उसका PMO आईडी कार्ड फर्जी पाया गया।

बॉडीगार्ड के पास मिली लोडेड पिस्टल

रोहन के साथ मौजूद उसके बॉडीगार्ड की तलाशी लेने पर उसके पास से भरी हुई पिस्तौल बरामद हुई। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है।

प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार शाम करीब 5:45 बजे ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (GFF) 2026 का उद्घाटन करने वाले हैं। 8 से 11 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को देखते हुए BKC इलाके में SPG और मुंबई पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है।

फर्जी ID से परिसर में एंट्री कैसे मिली?

मामले में सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि फर्जी PMO पहचान पत्र के आधार पर रोहन NMACC परिसर तक कैसे पहुंचा। जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि फर्जी ID उसे किसने उपलब्ध कराई और उसने इसका इस्तेमाल पहले कहां-कहां किया।

इसके अलावा पुलिस संदिग्ध युवक के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के वास्तविक मकसद की भी जांच कर रही है। दोनों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

2020 से आयोजित हो रहा ग्लोबल फिनटेक फेस्ट

ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2020 से वित्तीय तकनीक से जुड़े वैश्विक विशेषज्ञों के लिए एक प्रमुख मंच बना हुआ है। इसमें नीति निर्माता, नियामक, केंद्रीय बैंक, वित्तीय संस्थान, फिनटेक और टेक कंपनियों से जुड़े लोग हिस्सा लेते हैं। GFF 2026 में डिजिटल पेमेंट, वित्तीय समावेशन, तकनीक और वित्त के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post