दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अपराधों की रोकथाम और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए जबलपुर पुलिस ने शनिवार रात से रविवार तड़के तक जिलेभर में कॉम्बिंग गश्त चलाकर कार्रवाई की। पुलिस ने इस दौरान कई वर्षों से फरार आरोपियों के 224 वारंट तामील किए। साथ ही अवैध शराब के मामले में 24 आरोपियों को गिरफ्तार कर शराब जब्त की गई, जबकि चाकू लेकर घूम रहे 4 आरोपियों को भी पकड़ा गया।
112 गैर जमानती और 83 गिरफ्तारी वारंट तामील
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने 112 गैर-जमानती वारंट, 83 गिरफ्तारी वारंट और 29 जमानती वारंट तामील किए। पुलिस के मुताबिक, इनमें कई आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
24 आरोपी गिरफ्तार, शराब जब्त
पुलिस टीमों ने अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के ठिकानों पर भी दबिश दी। कार्रवाई में 24 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7 बोतल, 96 पाव देशी-अंग्रेजी शराब और 47 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई।
चाकू लेकर घूम रहे 4 आरोपी पकड़े
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने चाकू लेकर घूम रहे 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 4 चाकू बरामद किए गए। इसके अलावा पुलिस टीमों ने सक्रिय गुंडे-बदमाशों की भी चेकिंग की। देर रात आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की गई। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखाने में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच की गई। पुलिस ने बताया कि अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Tags
jabalpur
