दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। नशीले कफ सिरप की अवैध सप्लाई के मामले में फरार चल रहे आरोपी अभिषेक निगम को स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी भोपाल के गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित पटेल सिटी में 30 मई 2026 को पकड़ी गई नशीले कफ सिरप की फैक्ट्री से जुड़े मामले में फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। STF आरोपी को ट्रांजिट वारंट पर मध्यप्रदेश लेकर आई है, जहां उससे पुलिस रिमांड पर पूछताछ की जा रही है।
फैक्ट्री से बरामद हुई थीं 74,104 बोतलें
STF के मुताबिक, 30 मई को पटेल सिटी, गांधीनगर स्थित फैक्ट्री में कार्रवाई के दौरान कोडीनयुक्त कफ सिरप की कुल 74,104 बोतलें बरामद की गई थीं। इनमें ऑनरेक्स और ऑफकफ ब्रांड के सिरप शामिल थे। मामले की जांच के दौरान अवैध सप्लाई नेटवर्क से जुड़े कई लोगों के नाम सामने आए थे।
जांच में अभिषेक निगम की कथित भूमिका भी उजागर हुई। आरोप है कि वह राहुल कुशवाह और सागर निवासी सीटी जैन के साथ मिलकर नशीले कफ सिरप की अवैध सप्लाई में शामिल था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई के तरीके के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
रीवा से फरार होकर देहरादून पहुंचा था आरोपी
गिरफ्तार आरोपी अभिषेक निगम रीवा के कटरा तलैया का निवासी बताया गया है। STF की कार्रवाई के बाद वह फरार हो गया था। उसकी तलाश के लिए STF के उप पुलिस महानिरीक्षक राहुल कुमार लोढ़ा ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। विशेष टीम ने 7 अक्टूबर को देहरादून में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।
अब तक 25 आरोपियों की गिरफ्तारी
STF के अनुसार, नशीले कफ सिरप की अवैध सप्लाई से जुड़े इस मामले में अब तक कुल 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कार्रवाई में STF भोपाल के पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह भदौरिया, डीएसपी योगिता साटनकर, निरीक्षक हंसराज कुमार, निरीक्षक आशीष चौधरी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। जांच एजेंसी मामले में अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और पूरे सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
Tags
madhya pradesh
