दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मैहर। जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह बस और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा गोरहाई के पास हुआ, जहां ब्यौहारी से मैहर की ओर जा रही बस की चपेट में बाइक सवार आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक के सिर में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जीजा की दुकान जा रहा था युवक
मृतक की पहचान रामाश्रय उर्फ अंकित पटेल (32), पिता रामकरण पटेल, निवासी खड़मसेड़ा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, युवक सोमवार सुबह रामनगर में अपने जीजा की दुकान जा रहा था। इसी दौरान गोरहाई के पास उसकी बाइक की सामने से आ रही बस से टक्कर हो गई। हादसे में युवक को सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त
हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर के कारण बाइक का अगला पहिया मुड़ गया और उस पर रखा सामान सड़क पर बिखर गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। रामनगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
Tags
madhya pradesh
