MP News: वन भूमि पर अतिक्रमण रोकने गई टीम पर हमला, डिप्टी रेंजर का सिर फूटा, ट्रैक्टर लेकर भागते समय आरोपी ने अपने ही साथी को कुचला

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सागर। जिले के शाहगढ़ क्षेत्र में वन भूमि पर अतिक्रमण रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। रविवार रात करीब 11:30 बजे निवाही गांव में अतिक्रमण कर वन भूमि पर ट्रैक्टर से जुताई कर रहे लोगों को रोकने पहुंची टीम पर 8 से 10 लोगों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में डिप्टी रेंजर शैलेंद्र कुमार तिवारी और वनपाल नारायण सिंह पलिया घायल हो गए। मारपीट में डिप्टी रेंजर के सिर में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।

ट्रैक्टर लेकर भागने लगा आरोपी, साथी को कुचला

घटना के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रैक्टर जब्त करने की कोशिश के बीच चालक उसे लेकर भागने लगा। सामने आए वीडियो में ट्रैक्टर तेजी से आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान उसका पिछला पहिया एक व्यक्ति के ऊपर से गुजर जाता है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो जाता है। मौके पर चीख-पुकार मच जाती है। घायल व्यक्ति दर्द से चिल्लाते हुए मदद की गुहार लगाता है। वनकर्मी ट्रैक्टर को रोकने के लिए दौड़ते हैं, लेकिन चालक वाहन लेकर फरार हो जाता है।

जुताई रोकने पहुंची थी वन विभाग की टीम

डिप्टी रेंजर शैलेंद्र कुमार तिवारी के मुताबिक, निवाही गांव में वन भूमि पर अतिक्रमण की सूचना मिली थी। रविवार रात कुछ लोग ट्रैक्टर से जमीन की जुताई कर रहे थे। सूचना मिलने पर वन विभाग के 8 से 10 कर्मचारी मौके पर पहुंचे थे। टीम का प्रयास ट्रैक्टर को जब्त करने और अतिक्रमण की कार्रवाई रोकने का था। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। मारपीट में डिप्टी रेंजर तिवारी और वनपाल नारायण सिंह पलिया घायल हो गए।

घायलों को पहले शाहगढ़ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मौके पर मौजूद लोगों की आवाजें सुनाई दे रही हैं। वीडियो में ट्रैक्टर चालक को अचानक वाहन तेजी से आगे बढ़ाते हुए देखा जा सकता है। इसी दौरान एक व्यक्ति ट्रैक्टर की चपेट में आ जाता है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच जाती है। वीडियो के आधार पर घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

वन विभाग की शिकायत पर शाहगढ़ पुलिस ने निवाही निवासी हरिराम यादव, अमित यादव और हरेन्द्र यादव के खिलाफ मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। फिलहाल ट्रैक्टर जब्त नहीं किया जा सका है। पुलिस ट्रैक्टर और उसके चालक की तलाश में जुटी है।

वन विभाग ने वरिष्ठ अधिकारियों को दी सूचना

शाहगढ़ वन परिक्षेत्र की एसडीओ शोभना वर्मा ने बताया कि वन विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाती हैं और वरिष्ठ स्तर से मिलने वाली सहायता के अनुसार आगे कदम उठाए जाएंगे।

वन भूमि पर अतिक्रमण रोकने पहुंची सरकारी टीम पर हमले और ट्रैक्टर से एक व्यक्ति के कुचले जाने की घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post