Jabalpur News: तेज आवाज में डीजे बजाने पर कार्रवाई, रांझी में 15 डीजे बॉक्स लगा ट्रक पकड़ा; कैंट पुलिस ने 10 साउंड बॉक्स वाली गाड़ी की जब्त

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। दुर्गोत्सव के दौरान ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जबलपुर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। प्रतिबंधित डीजे और तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रांझी और कैंट थाना पुलिस ने दो वाहनों को जब्त किया है। रांझी पुलिस ने गोकलपुर में 15 डीजे बॉक्स लगे ट्रक को पकड़ा, जबकि कैंट पुलिस ने 10 साउंड बॉक्स लगी गाड़ी जब्त की। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

गोकलपुर में 15 डीजे बॉक्स लगा ट्रक जब्त

रविवार रात गश्त के दौरान रांझी सीएसपी सतीश साहू ने गोकलपुर क्षेत्र में तेज आवाज में बज रहे डीजे पर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, ट्रक क्रमांक एमएच 06 जी 3691 में तीन छोटे और 12 बड़े डीजे बॉक्स लगे हुए थे, जिन्हें तेज आवाज में बजाया जा रहा था।

मौके पर पहुंचे सीएसपी ने डीजे संचालक शैलेंद्र कुमार से वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने डीजे सिस्टम सहित ट्रक को जब्त कर लिया। मामले में कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

रात दो बजे कैंट पुलिस ने पकड़ी दूसरी गाड़ी

रांझी पुलिस की कार्रवाई के बाद कैंट थाना पुलिस ने भी डीजे लगे वाहन के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने रात करीब दो बजे वाहन क्रमांक एमपी 49 जी 0986 को जब्त किया। इस वाहन में 10 साउंड बॉक्स लगे हुए थे।

पुलिस ने डीजे संचालकों को चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित डीजे और तेज आवाज में साउंड सिस्टम का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्धारित नियमों की अनदेखी करने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पहले ही बैठक में दी गई थी चेतावनी

दुर्गोत्सव के दौरान ध्वनि प्रदूषण और सुरक्षा संबंधी नियमों के पालन को लेकर दो अक्टूबर को पुलिस कंट्रोल रूम में बैठक आयोजित की गई थी। इसमें पुलिस, प्रशासन और विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ करीब 250 डीजे, साउंड और लाइट संचालक शामिल हुए थे।

बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि प्रतिबंधित डीजे का उपयोग नहीं किया जाए और साउंड सिस्टम निर्धारित अनुमति एवं शर्तों के अनुसार ही चलाया जाए। झांकियों, स्वागत मंचों और चल समारोहों में स्पीकर बॉक्स की संख्या, आकार तथा ध्वनि स्तर को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए थे।

इसके अलावा कटे-फटे बिजली के तारों, असुरक्षित जनरेटर और अवैध बिजली कनेक्शन का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गई थी।

कलेक्टर-एसपी के निर्देश पर सख्ती

कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देशों के तहत दुर्गोत्सव के दौरान नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। रांझी और कैंट पुलिस की कार्रवाई के जरिए डीजे संचालकों को संदेश दिया गया है कि त्योहार के दौरान ध्वनि प्रदूषण और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने पर वाहन जब्ती सहित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post