Jabalpur News: स्कूल से सटे गोदाम में लगी आग, मचा हड़कंप

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सीओडी करौंदी मार्ग स्थित टैगोर पब्लिक स्कूल परिसर से सटे एक गोदाम में सोमवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। चिंताजनक बात यह थी कि आग लगने वाला गोदाम केंद्रीय आयुध भंडार गृह (सीओडी) से महज कुछ मीटर की दूरी पर स्थित था, जबकि स्कूल परिसर भी इससे बिल्कुल सटा हुआ है। ऐसे में आग विकराल रूप लेती तो बड़ा हादसा हो सकता था। समय रहते सूचना मिलने और दमकल वाहनों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे गोदाम में आग भड़क उठी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्व कैंट बोर्ड सदस्य रंजीत यादव ने तत्काल सीओडी और नगर निगम के दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दमकल कर्मियों की कार्रवाई और स्थानीय लोगों की सक्रियता से आग पर नियंत्रण पा लिया गया।

स्कूल के आसपास अतिक्रमण कर बनाए गए गोदाम

पूर्व कैंट बोर्ड सदस्य रंजीत यादव ने बताया कि कैंट बोर्ड द्वारा संचालित टैगोर पब्लिक स्कूल में करीब 750 बच्चे पढ़ते हैं। स्कूल के आसपास बड़ी संख्या में अतिक्रमण कर निर्माण किए गए हैं, जिनका उपयोग गोदामों के रूप में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिस भवन में सोमवार को आग लगी, वहां जूते-चप्पलों का गोदाम संचालित किया जा रहा था।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

स्कूल के समीप गोदामों का संचालन और सीओडी जैसे संवेदनशील संस्थान के नजदीक इस तरह के निर्माण सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय हैं। आग की घटना ने स्कूल में पढ़ने वाले सैकड़ों बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि आग समय रहते नियंत्रित नहीं होती, तो स्कूल और आसपास के क्षेत्र में बड़ा नुकसान हो सकता था।

निर्माणों की जांच कर कार्रवाई की मांग

पूर्व कैंट बोर्ड सदस्य ने कहा कि स्कूल भवन से सटकर बने इन निर्माणों की नियमानुसार जांच होनी चाहिए। साथ ही, अतिक्रमण की स्थिति और गोदामों में रखे सामान की प्रकृति को देखते हुए सुरक्षा मानकों की पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।

Post a Comment

Previous Post Next Post