दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। माता-पिता के साथ बाइक से खाटू श्याम के दर्शन करने जा रही चौथी कक्षा की छात्रा की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा 6 अक्टूबर को भोपाल के बैरसिया रोड पर हुआ था, जहां उनकी बाइक आगे चल रहे आयशर ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में बच्ची के माता-पिता भी घायल हो गए थे। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गंभीर रूप से घायल बच्ची ने रविवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा
मृत बच्ची की पहचान दिव्यांशी साहू के रूप में हुई है। वह सीहोर जिले के चैनल की रहने वाली थी। उसके पिता का नाम प्रदीप साहू बताया गया है। परिजनों के मुताबिक, 6 अक्टूबर की दोपहर दिव्यांशी अपने माता-पिता के साथ बाइक से खाटू श्याम के दर्शन करने के लिए निकली थी। इसी दौरान बैरसिया रोड पर आगे चल रहे आयशर ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई और ट्रक से जा टकराई।
माता-पिता का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में दिव्यांशी के साथ उसके माता-पिता भी घायल हो गए थे। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। दिव्यांशी की हालत गंभीर होने के कारण उसका इलाज जारी था, लेकिन रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
दिव्यांशी की मौत के बाद हमीदिया अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Tags
madhya pradesh
