MP News: भोपाल में चौथी कक्षा के छात्र से मारपीट का आरोप, पिता का दावा- चेहरे और कंधे पर चोट के निशान, सुनने में भी हो रही परेशानी

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। राजधानी भोपाल के फादर एग्नेल स्कूल में चौथी कक्षा के छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। छात्र के पिता उजेर अहमद ने स्कूल के प्रिंसिपल मनोहर काटा पर बेटे के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पिता के मुताबिक, घटना 8 अक्टूबर की है। मारपीट के बाद बच्चे के चेहरे और कंधे पर चोट के निशान आए हैं। साथ ही उसे सुनने में परेशानी होने की बात भी सामने आई है। मामले में पिता ने गांधी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।

माफी मांगने के बावजूद मारपीट का आरोप

छात्र के पिता उजेर अहमद ने बताया कि 8 अक्टूबर को उनका बेटा स्कूल से घर लौटा तो उसने प्रिंसिपल द्वारा मारपीट किए जाने की जानकारी दी। बच्चे के मुताबिक, मारपीट के दौरान वह माफी मांगता रहा, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई। पिता का दावा है कि बच्चे के चेहरे और कंधे पर चोट के निशान दिखाई दिए। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के बाद बच्चे को सुनने में परेशानी होने लगी और घर पहुंचने पर चक्कर आने से वह गिर गया।

रात में थाने पहुंचकर की शिकायत

पिता उजेर अहमद के अनुसार, उन्होंने 8 अक्टूबर की रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच गांधी नगर थाने पहुंचकर शिकायत दी थी। उनका कहना है कि शिकायत के बाद से उन्हें पुलिस की ओर से जांच जारी होने और मेडिकल रिपोर्ट मंगाए जाने की जानकारी दी जा रही है।

हमीदिया अस्पताल में कराया मेडिकल परीक्षण

पिता के मुताबिक, बच्चे का हमीदिया अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल से जुड़े एक व्यक्ति ने फोन कर समझौता करने के लिए भी कहा। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पिता ने मामले में निष्पक्ष जांच, संबंधित प्रिंसिपल के खिलाफ सख्त कार्रवाई और एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराने की मांग की है।

स्कूल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया

इस मामले में फिलहाल स्कूल प्रबंधन और संबंधित प्रिंसिपल का पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस की जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर ही घटना से जुड़े तथ्यों तथा चोटों की प्रकृति स्पष्ट हो सकेगी। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post