Jabalpur News: कृष्णानगर कॉलोनी में आधी रात मनचलों का उत्पात, कार-ई-रिक्शा के कांच फोड़े, बाइक में भी की तोड़फोड़; देखें वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र के मरघटाई के पास स्थित कृष्णानगर कॉलोनी में देर रात कथित मनचलों ने जमकर उत्पात मचाया। रात करीब 2 बजे बदमाशों ने कॉलोनी में खड़े वाहनों को निशाना बनाया। उन्होंने कार और ई-रिक्शा के कांच तोड़ दिए, जबकि एक बाइक में भी तोड़फोड़ की गई।

अचानक वाहनों में तोड़फोड़ की आवाज सुनकर कॉलोनी में हड़कंप मच गया। रहवासी अपने घरों से बाहर निकले, लेकिन तब तक उत्पात मचाने वाले युवक मौके से भाग चुके थे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

पुलिस गश्त पर उठे सवाल


स्थानीय निवासी और युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष सतेंद्र सोनू कुकरेले ने बताया कि घटना देर रात करीब 2 बजे हुई। उनका कहना है कि यदि क्षेत्र में पुलिस की नियमित गश्त और निगरानी रहती तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था।

रहवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में उत्पात मचाने वालों में पुलिस का भय दिखाई नहीं दे रहा है। रात के समय असामाजिक तत्वों की गतिविधियों के कारण लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

नियमित गश्त और कार्रवाई की मांग


घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है। रहवासियों का कहना है कि वाहनों में तोड़फोड़ करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post