Jabalpur News: महिला के हाथ-पैर बांधकर हत्या, मंगलसूत्र लूटकर भागे दो बदमाश

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना खितौला अंतर्गत ग्राम दरौलीकला में शुक्रवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मजदूरी करने गए बेटे के पीछे घर में अकेली मौजूद 55 वर्षीय मूक-बधिर महिला लक्ष्मीबाई राठौर की अज्ञात बदमाशों ने हाथ-पैर बांधकर और मुंह में कपड़ा ठूँसकर हत्या कर दी और गहने लूटकर फरार हो गए।

दो युवकों को भागते देखा, घर में बिखरा मिला सामान

मृतका के पुत्र संजय राठौर (38) ने बताया कि दोपहर करीब 1:30 बजे मोहल्ले के संदीप बर्मन ने उसे सूचना दी कि उसके घर से 20-25 वर्ष के दो संदिग्ध युवक भागते हुए निकले हैं। संजय तुरंत घर पहुँचा तो देखा कि कमरे में उसकी माँ बेसुध पड़ी थीं। उनके दोनों पैर रस्सी से, हाथ कपड़े से और मुंह में पीला गमछा बँधा हुआ था। चेहरे और कनपटी पर गंभीर चोटों के निशान थे।

गले में पहना हुआ सोने का मंगलसूत्र (6 गुरिया और 1 लॉकेट) गायब था और घर का सामान बिखरा पड़ा था। पड़ोसी ज्योति बर्मन ने भी दोनों युवकों को घर से भागते हुए देखा था। परिजनों द्वारा महिला को तत्काल ऑटो से शासकीय अस्पताल सिहोरा ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एसपी सहित एफएसएल और फिंगरप्रिंट टीम पहुँची मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  सूर्यकांत शर्मा, एसडीओपी पाटन आदित्य सिंघारिया (भा.पु.से.), एफएसएल अधिकारी डॉ. नीता जैन और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट अखिलेश चौकसे की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए।

बीएनएस (BNS) की धाराओं में मामला दर्ज, टीम गठित

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(7) (घर में अनाधिकृत प्रवेश/लूट), 309(4) (लूट), और 103(1) (हत्या) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। एसपी सम्पत उपाध्याय के आदेश पर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए एसडीओपी पाटन आदित्य सिंघारिया के मार्गदर्शन में थाना खितौला की विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post