दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया। रिंग रोड पर शुक्रवार रात भांडेर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष सुमन धाकड़ के पति प्रदीप धाकड़ (38) से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पीतांबरा मंदिर में दर्शन के बाद ग्वालियर जा रहे प्रदीप की कार को रोककर चार लोगों ने उनके साथ मारपीट की। घटना में उनके सिर, हाथ और पैरों में चोट आई है।
प्रदीप धाकड़, पिता कमल सिंह धाकड़, निवासी सालोन बी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 11 बजे वह कार से ग्वालियर जा रहे थे। रिंग रोड के पास उनकी कार को रोक लिया गया। कार रुकते ही बलदाऊ यादव, विक्रम यादव, राजू यादव और रंजीत यादव ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
घटना के बाद राहगीरों और पुलिस की मदद से घायल प्रदीप को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
परिजनों ने मारपीट की घटना को सालोन बी सब स्टेशन से जुड़े पुराने विवाद से जोड़कर देखा है। उनका कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा है। हालांकि, शुक्रवार रात हुए हमले की वजह यही विवाद था या कोई अन्य कारण, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
कोतवाली पुलिस मामले में घटना के तत्काल कारण, मौके पर मौजूद लोगों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। टीआई दिनेश राजपूत ने बताया कि शिकायत के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
Tags
madhya pradesh
