दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। लार्डगंज थाना क्षेत्र में बदमाशों ने डिलीवरी बॉय की एक्टिवा लूट ली। तीन युवकों ने चलते समय उसकी गाड़ी से चाबी निकाल ली। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू निकालकर धमकाया और उसकी एक्टिवा लेकर एमआर-4 रोड की ओर फरार हो गए। एक्टिवा की डिक्की में मोबाइल और नकदी रखी थी। गंगा सागर गढ़ा निवासी रितिक लोधी (26) ने लार्डगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
रितिक ने पुलिस को बताया कि वह स्विगी इंस्टामार्ट में डिलीवरी बॉय का काम करता है। रितिक के मुताबिक बीती रात करीब 11:45 बजे वह आदि प्लाजा के सामने डिलीवरी देने के बाद अपनी एक्टिवा क्रमांक एमपी 20 एक्सडी 3996 से गंगा सागर जा रहा था। नेचुरल जूस सेंटर के पास पीछे से बिना नंबर की एक्टिवा पर सवार तीन युवक आए। तीनों की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष बताई गई है।
आरोप है कि युवकों में से एक ने चलते-चलते रितिक की एक्टिवा की चाबी निकाल ली। रितिक के रुकने पर तीनों युवकों ने चाकू निकाल लिए। डरकर रितिक दौड़कर अंडे की दुकान के पास पहुंच गया। इसी दौरान आरोपी उसकी एक्टिवा लेकर एमआर-4 रोड की ओर भाग गए। रितिक ने बताया कि एक्टिवा की डिक्की में ओप्पो मोबाइल और पर्स रखा था, जिसमें 4328 रुपए नकद थे। शिकायत के आधार पर लार्डगंज पुलिस ने धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
