Jabalpur News: रिटायर्ड IAS अधिकारी की हत्या के बाद पुलिस अलर्ट, गोरखपुर में अवैध शराब और हुक्का मिलने पर युवक हिरासत में, संदिग्ध गतिविधियों को लेकर पूछताछ जारी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भोपाल में रिटायर्ड IAS अधिकारी की हत्या के बाद पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जबलपुर पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सर्चिंग अभियान तेज कर दिया है। शहर में फ्लैट, डुप्लेक्स और अन्य किराए के मकानों में रहने वाले लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। खासतौर पर हाल ही में मकान किराए पर लेने वाले, पेइंग गेस्ट और केयरटेकर के रूप में रहने वाले लोगों की जांच की जा रही है।

इसी अभियान के तहत गोरखपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक मकान में सर्चिंग की। जांच के दौरान वहां से अवैध शराब और हुक्का मिलने की बात सामने आई। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

गोरखपुर में दो दिन चला सर्चिंग अभियान

जबलपुर एसपी के निर्देश पर गोरखपुर सीएसपी एमडी नगोतिया के नेतृत्व में शुक्रवार और शनिवार को टीआई समेत पुलिस स्टाफ ने गोरखपुर और आसपास के इलाकों में सर्चिंग की। इस दौरान पुलिस ने किराए पर रहने वाले लोगों की जानकारी जुटाई और उनके दस्तावेजों की भी जांच की।

एक अपार्टमेंट में हाल ही में किराए पर रहने आए कुछ लोगों की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने वहां भी जांच की। इसी दौरान एक युवक के पास से अवैध शराब और प्रतिबंधित हुक्का मिलने पर उसे हिरासत में लिया गया।

संदिग्ध गतिविधियों को लेकर पूछताछ

पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए युवक की कुछ बातें और गतिविधियां संदिग्ध लगी हैं। इसके चलते उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक यहां कब से रह रहा था और उसके साथ रहने वाले अन्य लोगों की जानकारी क्या है।

किराएदारों का सत्यापन करने के निर्देश

एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में किराएदारों और संदिग्ध लोगों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। हाल ही में किराए पर मकान या फ्लैट लेने वाले लोगों की जानकारी जुटाने के साथ संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post