Jabalpur News: चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, विधायक लखन घनघोरिया बोले- 'लोकतंत्र में वोटों की चोरी बर्दाश्त नहीं'

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देश पर ग्रामीण और शहर कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को चुनाव आयोग और केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विक्टोरिया टाउन हॉल से घंटाघर तक पैदल मार्च निकाला।

घंटाघर पहुंचने के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले फूंके और उनके इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा है और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति में पारदर्शिता का अभाव है।

विधायक लखन घनघोरिया ने कहा कि लोकतंत्र में वोटों की चोरी के आरोपों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। प्रदर्शन के दौरान ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के साथ उन पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा केंद्र सरकार और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की।

शहर अध्यक्ष सौरभ शर्मा और संजय यादव ने कहा कि कांग्रेस सड़क से संसद तक अपना आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने दावा किया कि आम जनता भी इस मुद्दे पर कांग्रेस के साथ खड़ी है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post