Jabalpur News: चोरी की स्कूटी से झपटमारी करने वाला गिरोह पकड़ा, 21 वर्षीय युवक और नाबालिग गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सिविल लाइन थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने चोरी की स्कूटी से पर्स और मोबाइल झपटने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में 21 वर्षीय तौसीफ खान निवासी कदम तलैया, बेलबाग और उसके 16 वर्षीय नाबालिग साथी को पकड़ा है।

आरोपियों के कब्जे से 4 मोबाइल, सोने का पैंडिल, 22,650 रुपए नकद और चोरी की नीले रंग की सुजुकी एक्सेस स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक बरामद सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख रुपए है।

पहले स्कूटी चुराई, फिर उसी से की झपटमारी

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले मदनमहल थाना क्षेत्र से नई सुजुकी एक्सेस स्कूटी चोरी की थी। पीड़ित हनी पटेल ने 29 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 सितंबर की शाम करीब 4:30 बजे एमएम कॉलेज के पास खड़ी उसकी करीब 95 हजार रुपए कीमत की स्कूटी चोरी हो गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि इसी चोरी की स्कूटी का इस्तेमाल आरोपियों ने कैंट और सिविल लाइन क्षेत्र में पर्स और मोबाइल झपटने की वारदातों में किया।

तीन दिन में तीन झपटमारी, महिला और बच्चा घायल


पुलिस के अनुसार आरोपियों ने 27 और 28 सितंबर के बीच कई वारदातों को अंजाम दिया।

- 27 सितंबर, कैंट क्षेत्र: सौविक बनर्जी की पत्नी का पर्स झपटकर आरोपी फरार हो गए। पर्स में 25 हजार रुपए, ओप्पो मोबाइल और दस्तावेज थे।
- 27 सितंबर, सिविल लाइन: बीमा अस्पताल के पास डॉक्टर चांदनी ठाकुर का पर्स छीना गया। इसमें सैमसंग मोबाइल, 6 हजार रुपए, सोने की अंगूठी और एटीएम-क्रेडिट कार्ड रखे थे।
- 28 सितंबर, बिलहरी: डी-मार्ट से लौट रहे नितिन जैन की पत्नी का पर्स छीनने के दौरान महिला और बच्चा सड़क पर गिरकर घायल हो गए। पर्स में 2 हजार रुपए और बच्चे का चांदी का पैंडिल था।

CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस


लगातार सामने आ रही झपटमारी की घटनाओं के बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों के CCTV फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने तौसीफ खान को हिरासत में लिया। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक उसने नाबालिग साथी के साथ मिलकर वारदातें करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की स्कूटी और झपटमारी से संबंधित सामान बरामद कर लिया है। अब पुलिस गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post