लगातार 8वें हफ्ते गिरा शेयर बाजार: सेंसेक्स 570 अंक लुढ़का, निफ्टी 22,422 पर बंद; 25 साल में सबसे लंबा गिरावट का दौर

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला लगातार आठवें हफ्ते भी जारी रहा। 1 अक्टूबर को हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन सेंसेक्स 570 अंक यानी 0.79% गिरकर 71,910 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 198 अंक यानी 0.88% की गिरावट के साथ 22,422 के स्तर पर आ गया। ऑटो और मीडिया शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली देखने को मिली।

2001 के बाद सबसे लंबा गिरावट का दौर

बाजार लगातार आठवें हफ्ते लाल निशान में बंद हुआ है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, यह पिछले 25 साल में लगातार गिरावट का सबसे लंबा दौर है। इससे पहले 2001 में शेयर बाजार लगातार 9 हफ्तों तक गिरा था।

जनवरी में निफ्टी ने 26,373 का ऑल टाइम हाई बनाया था। मौजूदा स्तर से तुलना करें तो इंडेक्स अपने रिकॉर्ड स्तर से करीब 15% नीचे आ चुका है। बाजार के आम तकनीकी वर्गीकरण में किसी इंडेक्स के अपने शिखर से करीब 20% गिरने पर उसे बेयर मार्केट की स्थिति माना जाता है।

बाजार में गिरावट की 3 बड़ी वजहें

1. विदेशी निवेशकों की बिकवाली

विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली बाजार पर दबाव बना रही है। आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार और बुधवार को विदेशी निवेशकों ने 20 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के शेयर बेचे। सप्ताह के दौरान बुधवार तक उनकी कुल बिकवाली करीब 26 हजार करोड़ रुपए पहुंच गई थी।

2. अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी

अमेरिकी सरकारी बॉन्ड की यील्ड में बढ़ोतरी से विदेशी निवेशकों के लिए वहां निवेश आकर्षक हुआ है। इससे भारतीय इक्विटी बाजार से विदेशी पूंजी निकलने का दबाव बढ़ा है।

3. रुपए में कमजोरी

डॉलर के मुकाबले रुपए में कमजोरी भी बाजार के लिए चिंता का कारण बनी हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, रुपया 95.98 प्रति डॉलर के स्तर तक पहुंच गया। सरकारी बैंकों की ओर से डॉलर की बिक्री के बावजूद मुद्रा पर दबाव बना रहा।

मनीव्यू की शानदार लिस्टिंग

इसी बीच डिजिटल लेंडिंग प्लेटफॉर्म मनीव्यू के शेयर ने शेयर बाजार में मजबूत शुरुआत की। कंपनी के शेयर ₹34 के इश्यू प्राइस के मुकाबले 61.76% बढ़कर ₹55 पर लिस्ट हुए। 24 से 28 सितंबर तक खुले IPO को 98.46 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था।

एशियाई बाजारों में तेजी

भारतीय बाजार में गिरावट के उलट शुक्रवार को एशिया के प्रमुख बाजारों में तेजी देखने को मिली। दक्षिण कोरिया के कोस्पी और जापान के निक्केई में बढ़त रही, जबकि हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग में भी तेजी दर्ज की गई।

वहीं, 30 सितंबर को अमेरिकी बाजार में डाउ जोंस और S&P 500 में गिरावट रही, जबकि नैस्डैक बढ़त के साथ बंद हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post