MP News: RE-2 के बाधक मकान हटाने पहुंची टीम पर पथराव, पुलिस ने बल प्रयोग कर खदेड़ा, दो हिरासत में

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। बंगाली चौराहा से पिपल्याहाना के बीच RE-2 के करीब एक किलोमीटर लंबे अधूरे हिस्से को पूरा कराने के लिए मंगलवार सुबह नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस की टीम बाधक निर्माण हटाने पहुंची। बिचौली कांकड़, शिव नगर और शिव दर्शन नगर में कार्रवाई शुरू होते ही कुछ लोगों ने विरोध किया और देखते ही देखते टीम पर पथराव कर दिया।

पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। घटना में दो लोगों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।

4.25 किमी लंबी है RE-2

RE-2 की कुल लंबाई 4.25 किलोमीटर और चौड़ाई 45 मीटर है। करीब 3.20 किलोमीटर सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है। बंगाली चौराहा से पिपल्याहाना के बीच करीब एक किलोमीटर हिस्सा पिछले तीन वर्षों से अधूरा है। सड़क और कनेक्टिविटी से जुड़े काम पर अब तक करीब 55 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं।

325 परिवार पहले ही किए जा चुके हैं शिफ्ट

प्रशासन के अनुसार पिपल्याहाना-बिचौली कांकड़ क्षेत्र के 325 परिवारों को पहले ही शिफ्ट किया जा चुका है। वहीं शिव नगर के 80 मकानों में रहने वाले 117 परिवार और शिव दर्शन नगर के 55 मकानों में रहने वाले 72 परिवारों को नीलगिरि परिसर में शिफ्ट किया जाना है।

प्रशासन का कहना है कि बाधक निर्माण हटने के बाद RE-2 के बचे हिस्से का निर्माण शुरू कराया जाएगा। सड़क पूरी होने से भूरी टेकरी, पिपल्याहाना, बंगाली और नायता मुंडला आरटीओ क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post