दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पनागर और सिहोरा थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर जुआ खेल रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12 जुआरियों को पकड़ा। पुलिस ने दोनों मामलों में जुआ फड़ से कुल 25 हजार रुपए नकद और ताश के पत्ते जब्त किए हैं। पनागर थाना प्रभारी उप पुलिस अधीक्षक विपिन सिंह ने बताया कि देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि जयप्रकाश वार्ड स्थित जित्तू ठाकुर के मकान में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपए की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर जुआरियों ने भागने का प्रयास किया, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पुलिस ने मौके से अर्जुन कुशवाहा (36), नंदकुमार चौधरी (41), लोकेश खम्परिया (43), राकेश पटेल (48), अशोक कुशवाहा (46) और आकाश कुशवाहा (30), सभी निवासी पनागर क्षेत्र, को पकड़ा। इनके कब्जे और फड़ से 52 ताश के पत्ते तथा 16 हजार रुपए नकद जब्त किए गए।
वहीं सिहोरा थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को ने बताया कि ग्राम डूंडी में तालाब के पास जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे और फड़ से ताश के पत्ते तथा 9 हजार रुपए नकद जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में सिद्धांत चौरसिया (29), नसीम मोहम्मद (23), संतोष चक्रवर्ती (41), चंद्रभान पटेल (39) और कपिल पटेल (32) शामिल हैं। सभी के खिलाफ धारा 13 जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
Tags
jabalpur
