Jabalpur News: सुबह बिस्तर से गायब मिली महिला, पति द्वारा तलाशने पर सीढ़ियों के पास पाइप से चुनरी के सहारे लटकी मिली

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र के सुभाषनगर मड़फैया में 33 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, संतोष कुमार कोरी (39), निवासी सुभाषनगर मड़फैया ने 15 नवंबर की सुबह सूचना दी कि उसकी शादी वर्ष 2012 में द्रोपती कोरी से हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। बीती रात परिवार के साथ खाना खाने के बाद सभी सो गए थे। 

रविवार सुबह करीब 7 बजे संतोष ने देखा कि उसकी पत्नी बिस्तर पर नहीं थी। तलाश करने पर वह घर की सीढ़ियों के पास टावर में लगे लोहे के पाइप से चुनरी के सहारे लटकी मिली। संतोष ने तत्काल अपने साले सुरेंद्र कोरी को फोन कर बुलाया। इसके बाद पत्नी को नीचे उतारकर कमरे में लिटाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों के अनुसार, द्रोपती लंबे समय से मानसिक बीमारी से पीड़ित थीं। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मर्ग कायम कर मौत के कारणों की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post