भोपाल में दर्दनाक सड़क हादसा: डंपर की चपेट में आने से महिला पत्रकार की मौत, ऑफिस जा रही थी सपना

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। राजधानी भोपाल में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय महिला पत्रकार सपना कुमारी की मौत हो गई। हादसा भदभदा चौराहे पर उस समय हुआ, जब सपना रैपिडो बाइक से एक निजी न्यूज चैनल के कार्यालय जा रही थीं। एक अन्य बाइक सवार की लापरवाही के चलते उनकी जान चली गई।

जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 11 बजे सपना रैपिडो बाइक पर सवार होकर अपने कार्यालय जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक अन्य बाइक सवार ने रैपिडो चालक को कट मार दिया। अचानक हुए घटनाक्रम में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सपना सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान पीछे से आ रहे डंपर की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कमला नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। सपना मूल रूप से बिहार की रहने वाली थीं और भोपाल के एक निजी न्यूज चैनल में ट्रेनी पत्रकार के रूप में काम कर रही थीं।

पुलिस हादसे के बाद मौके से फरार हुए दूसरे बाइक सवार और डंपर चालक की तलाश कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दोनों वाहनों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post