दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले के ग्राम मंगेली और पिपरिया के बीच बुधवार सुबह करीब 6 बजे बरगी बायां तट नहर अचानक फूट गई। नहर की दीवार ढहने से पानी का तेज बहाव आसपास के खेतों में पहुंच गया, जिससे किसानों की तैयार खड़ी धान की फसल जलमग्न हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय ग्रामीणों ने नहर टूटने के पीछे अवैध खनिज परिवहन में लगे भारी वाहनों की आवाजाही को जिम्मेदार ठहराया है। किसानों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार भारी वाहनों की आवाजाही से नहर का तटबंध कमजोर हुआ और आखिरकार उसका एक बड़ा हिस्सा ढह गया। हालांकि, नहर टूटने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
नहर फूटने के बाद पानी तेजी से खेतों की ओर बहने लगा। देखते ही देखते आसपास के खेतों में पानी भर गया और धान की फसल डूब गई। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते पानी के बहाव और कटाव पर नियंत्रण नहीं किया जाता, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए नहर में पानी की सप्लाई बंद करवाई, जिससे फिलहाल पानी का बहाव रोकने में मदद मिली। इसके बाद प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंचा और घटना की जांच शुरू की। अब किसानों की निगाहें प्रशासनिक जांच और जिम्मेदारों पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।
किसानों का कहना है कि पहले भी इसी तरह नहर टूटने की घटना हो चुकी है। उस समय मरम्मत के नाम पर लंबे समय तक नहर बंद रखी गई थी, जिससे सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलने के कारण फसलें सूख गई थीं। अब दोबारा ऐसी घटना होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
किसानों ने प्रशासन से नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने, नहर की स्थायी मरम्मत कराने और अवैध खनिज परिवहन पर रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि केवल मौके पर निरीक्षण और औपचारिक कार्रवाई से समस्या का समाधान नहीं होगा। यदि जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई और स्थायी व्यवस्था नहीं की गई, तो किसान आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
Tags
jabalpur
