दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के ओमती थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात करीब 11 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर एक तेज रफ्तार ईवी कार ने पैदल जा रहे बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि बुजुर्ग कार के नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक कार को चालू हालत में मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कलेक्ट्रेट चौराहे के पास एमपी 20 जेडजेड 5100 नंबर की ईवी कार तेज रफ्तार से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे पैदल चल रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बुजुर्ग कार के नीचे जा फंसे।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल बुजुर्ग को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
कार जब्त, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही ओमती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ईवी कार को जब्त कर थाने में खड़ा करवाया। टीआई राजपाल सिंह बघेल के मुताबिक, वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर फरार चालक की पहचान की जा रही है। इसके लिए कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और गंभीर चोट पहुंचाने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Tags
jabalpur


